बनबसा (चंपावत)। गढ़ीगोठ क्षेत्र के गुदमी ग्रामसभा अंतर्गत भैंसाझाला गांव निवासी पांचवीं कक्षा के छात्र पर सियार ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से गांव के अन्य बच्चों में भी खौफ है।
मझगांव निवासी महेंद्र सिंह (9) पुत्र राम सिंह शुक्रवार को गुदमी स्थित प्राथमिक विद्यालय से पैदल ही घर लौट रहा था। छात्र जैसे ही अपने गांव भैंसाझाला के करीब पहुंचा कि जंगल की ओर से आए सियार ने उस पर हमला बोल दिया। सियार ने छात्र के दाहिने पैर को चबा दिया।
परिजनों ने घायल छात्र का निजी अस्पताल में उपचार कराया। उसके पैर पर आठ टांके लगे हैं। ग्रामप्रधान अरुण कुमार ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। बता दें कि भैंसाझाला गांव के पूर्वी छोर पर नेपाल का जंगल है, जहां से जंगली जानवर अक्सर यहां पहुंचकर नुकसान पहुंचाते हैं।