लोहाघाट (चंपावत)।
भारतीय स्टेट बैंक के पांच एटीएम से 40 लाख 9500 रुपये के गबन की जांच के लिए पुलिस अब विशेषज्ञों की मदद लेगी। इन एटीएम की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। वहीं स्थानांतरण होने के चलते पिछले सप्ताह जांच अधिकारी मीनाक्षी नौटियाल को भी बदल दिया गया है। अब लोहाघाट के थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल को जांच अधिकारी बनाया गया है। इससे पूर्व पुलिस कई बैंक अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है।
एसआईएस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की देखरेख वाले पांच एटीएम (लोहाघाट के डाकबंगले रोड वाले एटीएम, मीना बाजार, पिथौरागढ़ रोड के अलावा मंच और खेतीखान के एटीएम) से कुल 40 लाख 9500 रुपये का गबन पिछले महीने उजागर हुआ था। कंपनी के प्रतिनिधि सुधाकर ढौडियाल ने 29 जुलाई को इन पांचों एटीएम की देखरेख के लिए रखे दोनों कर्मी लोहाघाट के ठाड़ाढुंगा मोहल्ले के प्रमोद कुमार और कलचौड़ा के सुरेश सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 व 420 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। जांच अधिकारी बृजवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों में से सुरेश ने प्रमोद पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर नकदी हड़पने का आरोप लगाया है। इस आरोप की भी बारीकी से जांच की जा रही है।