बनबसा में क्रिकेट खिलाड़ी अतिथियों के साथ। विज्ञप्ति
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। स्व. कैप्टन भोपाल सिंह थापा मेमोरियल ग्रामीण लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को दो मैच हुए। स्ट्रांगफार्म ने नगर पंचायत एवं चंदनी ने पुलिस एकादश को हरा अगले चक्र में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति वीरता पदक प्राप्त एसएसबी जवान गणेश सिंह राणा ने मैच का शुभारंभ किया।
मिनी स्टेडियम में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला मुकाबला स्ट्रांगफार्म एवं नगर पंचायत के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी कर स्ट्रांग फार्म ने छह विकेट पर 114 रन बनाए, जिसमें सर्वाधिक 44 रन लक्ष्मण बथ्याल के थे। नगर पंचायत के गेंदबाज अनिल ने तीन विकेट लिए।
जवाब में नगर पंचायत की टीम सात विकेट पर 111 रन ही बना सकी। सुमित खर्कवाल ने 37 रनों का योगदान दिया। स्ट्रांगफार्म के गेंदबाज लक्ष्मण एवं प्रकाश ने दो दो विकेट लिए। दूसरा मैच चंदनी एवं पुलिस एकादश के मध्य हुआ।
पहले खेलते हुए पुलिस एकादश ने चार विकेट गंवाकर 88 रन बनाए, प्रमोद ने 19 रन जुटाए। चंदनी के गेंदबाज किशन और पंकज ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। जवाब में चंदनी ने चार विकेट पर 89 रन बना मैच जीत लिया। सबसे अधिक 40 रन लक्की राजन ने बनाए।
पुलिस के गेंदबाज पवन, श्यामलाल ने एक-एक विकेट लिया। विजेता टीमों के माइका एवं लक्की राजन मैन ऑफ द मैच रहे। योगेश पांडेय, दीपक कार्की, पवन कांडपाल, जगदीश चंद निर्णायक रहे। आरएस धामी स्कोरर थे। जैक जॉनसन, कमलेश भट्ट ने आंखों देखा हाल सुनाया।