देवीधुरा डिग्री कॉलेज में छात्र संघ चुनावों के लिए शनिवार को शांतिपूर्वक ढंग से नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। 2014 में डिग्री कॉलेज बनने के बाद महाविद्यालय में पहली बार छात्र संघ चुनाव हो रहे हैं। चुनावों को लेकर छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
15 सितंबर को होने वाले मतदान में महाविद्यालय के 164 छात्र-छात्राएं मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रभारी प्राचार्य डॉ.एसके सिंह की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और छात्रा उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के एक एक प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल किए जाने से उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव पद पर सीधा मुकाबला होगा। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की दीपा बिष्ट, एबीवीपी की भावना कांडपाल, उपाध्यक्ष पद पर दीपा चम्याल, तारा दत्त पुजारी, सचिव पद पर एनएसयूआई की देवकी बिष्ट, एवीबीपी की ज्योति जोशी ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए नीरज लमगड़िया, कोषाध्यक्ष पद के लिए शीला आर्या, उप सचिव पद के लिए सुमन आर्या और छात्रा उपाध्यक्ष पद के लिए यमुना बिष्ट ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कला संकाय प्रतिनिधि के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया। सोमवार 12 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच तथा नाम वापसी होगी। चुनाव प्रभारी डॉ पीके रिछारिया के अनुसार 15 सितंबर को चुनाव होंगे। 10 बजे से दो बजे तक मतदान होगा, तीन बजे से मतों की गणना की जाएगी।
उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने में डॉ.नवीन शर्मा, जगत बिष्ट, ललित कुमार, हरीश जोशी, सुशील पटवाल, भगवान सिंह राणा, दया राम ने सहयोग किया।
जिपं सदस्य भोला सिंह बोहरा, अमित लमगडिय़ा, दीपक चम्याल, ललित बिष्ट, कुंदन राणा, राजू बिष्ट, गिरीश सिंग्वाल, गिरीश बिष्ट, दीपक जोशी आदि अपने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नामांकन प्रक्रिया में दिनभर जुटे रहे।