लोहाघाट (चंपावत)। नगर में पेयजल की समस्या गंभीर होती जा रही है। इसका स्थायी समाधान करने की जरूरत है। दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार हो रहे हैं। यह बातें लोगों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी से नगर भ्रमण के दौरान बताईं।
जल संरक्षण और संवर्धन के लिए आयोजित जल उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत सेवा संकल्प फाउंडेशन के तहत बुधवार को सीएम की पत्नी गीता धामी ने ग्राम पंचायत पाटन पाटनी के झूमाधुरी में ग्राम प्रधान जानकी बोहरा आदि महिलाओं के साथ देवदार के पौध रोपे। इस दौरान उन्होंने आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी में हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
आईटीबीपी के कमांडेंट धर्मपाल सिंह रावत और एसोसिएशन की चीफ पेटर्न मनोरमा रावत ने उनका स्वागत किया। राज्य आंदोलनकारी राजू गड़कोटी के नेतृत्व में लोगों ने लोहाघाट नगर की पेयजल सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग सीएम की पत्नी से की। उन्होंने समाधान को लेकर लोगों को आश्वस्त किया। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा, जिपं अध्यक्ष ज्योति राय, पूर्व पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, ब्लाॅक प्रमुख नेहा ढेक, बाराकोट की ब्लाॅक प्रमुख विनीता फर्त्याल, सचिन जोशी, सरिता अधिकारी, सतीश पांडेय आदि मौजूद रहे।