रीठा साहिब (चंपावत)। प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू ने 17 अक्तूबर की मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान से राहत पहुंचाने के आदेश प्रशासन को दिए। रीठा साहिब में रविवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने आपदा में क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य परिसंपत्तियों की समयबद्ध तरीके से मरम्मत करवाने की हिदायत दी। सीएस ने नुकसान की भरपाई कर राहत कार्यों को समय रहते पूरा करवाने के लिए कहा। डीएम विनीत तोमर ने बताया कि इस आपदा से जिले में 11 लोगों की मौत हुई। ये सभी लोग मकान के मलबे की चपेट में आए। इनमें से सात पात्र लोगों के परिजनों को मुआवजा दे दिया गया है।
चंपावत जिले में 17 अक्तूबर से तीन दिन तक हुई 765 मिमी बारिश से 26 विभागों की 1782 योजनाओं में 12958.25 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। मुख्य सचिव ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जिले में हो रही तैयारी की समीक्षा भी की। भौगोलिक और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश पुलिस प्रशासन को दिए गए। मतदाता जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए सभी प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एसपी देवेंद्र पींचा, सीडीओ आरएस रावत, एडीएम शिवचरण द्विवेदी, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, एसडीएम रिंकू बिष्ट आदि थे।
मुख्य सचिव ने गुरुद्वारे में मत्था टेका
रीठा साहिब (चंपावत)। मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू ने समीक्षा बैठक से पूर्व यहां गुरुद्वारे में मत्था टेका। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने सरोपा और कृपाण भेंट की। उन्होंने रीठा साहिब गुरुद्वारे के इतिहास और आध्यात्मिक पहलुओं की जानकारी दी। बाबा श्याम सिंह ने बताया कि यहां वर्ष 1505 में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक साहिब ने कदम रखे थे। उनकी आध्यात्मिक शक्ति और तप से यहां के कड़ुवे रीठे मीठे हो गए। यही मीठे रीठे प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को दिए जाते हैं।
नदी में मोटर पुल बनाने की मांग की
रीठा साहिब (चंपावत)। जनप्रतिनिधियों ने लधिया और रतिया नदी पर गांवों को जोड़ने के लिए मोटर पुल सहित कई समस्याओं के समाधान का आग्रह किया। बीडीसी सदस्य शैलेंद्र बोहरा ने मुख्य सचिव को ज्ञापन दिया। ग्राम प्रहरियों ने सुरक्षा के लिए चुनाव ड्यूटी सहित कई जिम्मेदारियों के मद्देनजर मानदेय में बढ़ोतरी की मांग की। इसे लेकर गंगा सिंह परवाल, प्रधान सुरेश कोहली, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा, पनीराम आदि ने डीएम के जरिये मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजा।
रीठा साहिब में मुख्य सचिव को समस्याओं का ज्ञापन देते बीडीसी सदस्य शैलेंद्र बोहरा। फोटो: संवाद न्?- फोटो : CHAMPAWAT