भारत संचार निगम लिमिटेड की ओएफसी एक बार फिर से कट गई। जिस कारण शुक्रवार को जिला मुख्यालय में ब्रॉडबैंड और इंटरनेट सेवाएं ठप हो गई। बीएसएनएल के उप मंडल अभियंता मनीष पंत के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब दस बजे ऋषेश्वर पुल के समीप एनएच की ओर से नाली निर्माण कार्य के दौरान ओएफसी कट गई।
जिसकी जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। इस मामले में एनएच के अधिकारियों को फटकार लगाई गई है। बताते चलें कि तीन दिन पूर्व मानेश्वर के पास ओएफसी बिछाने के कार्य में लगी एक कंपनी की खुदाई के दौरान भी बीएसएनएल की ओएफसी केबल कट गई थी, जिससे लोगों को 24 घंटे तक बीएसएनएल की सेवाएं नहीं मिल पाई। इस मामले में जिला प्रशासन के निर्देश पर बीएसएनएल की ओर से रिलायंस कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इंटरनेट सेवा के बार बार बाधित होने के कारण जहां शुक्रवार को आधार कार्ड बनाने का कार्य प्रभावित रहा।
उपमंडल अधिकारी का किया गया घेराव
पुलहिंडोला क्षेत्र में एक सप्ताह से बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा ठप होने से नाराज ग्रामीणों ने बीएसएनएल के उपमंडल अधिकारी का घेराव किया। भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पाटनी, दीपक जोशी, मोहित पाठक के नेतृत्व में लोहाघाट आए ग्रामीणों ने बीएसएनएल के उपमंडल अधिकारी का घेराव कर नाराजगी व्यक्त की।
ग्रामीणों का कहना था कि ब्रॉडबैंड सेवा ठप पड़ने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही व्यापारियों कारोबार प्रभावित हो रहा है। विभागीय अधिकारी कार्ड फुंकने का बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। पुल्ला, मौड़ा, दिगालीचौड़, ढोडरजा आदि क्षेत्रों से आए लोगों का कहना था कि ब्रॉडबैंड सेवा ठप होने से उनके बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के फार्म भरने में दिक्कतें हो रही हैं। आनसिंह भंडारी, महेश वर्मा, योगेश पांडेय, नवीन बोहरा, विनोद ढेक आदि मौजूद थे। उधर, उपमंडल अधिकारी मनीष पंत का कहना है कि ब्राडबैंड सेवा का कार्ड फुंकने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।