जिला अस्पताल को बेस अस्पताल बनाने के मुख्यमंत्री के पिछले साल किए गए एलान के क्रम में यहां 150 नाली जमीन का चयन किया गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई सीएम के एलान के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक में बताया गया कि तामली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के साथ-साथ पद सृजित किए गए हैं। इसी तरह देवीधुरा में स्टेट एलोपैथिक डिस्पेंसरी के उच्चीकृत करने की तैयारी चल रही है।
कहा गया कि सीएम की घोषणाओं के क्रम में मेरा गांव-मेरी सड़क योजना के अंतर्गत विकासखंडों में निर्माणाधीन सड़कों को मनरेगा मद से बनाया जाएगा। बनबसा में गैस एजेंसी की स्थापना के लिए केएमवीएन से कार्रवाई करने को कहा जा रहा है। क्वैराली से चंपावत लिफ्ट पेयजल योजना, टनकपुर पेयजल योजना पुनर्गठन, लोहाघाट, तल्लादेश क्षेत्र की लिफ्ट पेयजल योजना के लिए करीब 151 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पेयजल निगम से शासन को भेजने को कहा गया है।
इसी तरह पीएमजीएसवाई की सड़कों में तेजी लाने को कहा गया। टनकपुर में स्नानघाट से उचौलीगाढ़ तक और हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षा दीवार की वित्तीय स्वीकृति को शासन को पत्र भेजने की बात कही गई। देवीराम में खुशीराम जी के स्मारक के निर्माण के लिए 1.12 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसमें से 5 लाख रुपये रिलीज किए जा चुके हैं। बैठक में पीडी हरगोविंद भट्ट, एसडीएम भगत सिंह फोनिया, डिप्टी कलेक्टर सीमा विश्वकर्मा, निर्मला बिष्ट, एसीएमओ डा.रश्मि पंत, डीएसओ एसएल आर्या, लोनिवि के ईई बीसी पंत, पीएमजीएसवाई के डीडी भट्ट, जल संस्थान के एई विशाल कुमार, भुवन भास्कर पांडेय आदि मौजूद थे।