लोहाघाट (चंपावत)। मणिपुर में उग्रवादी हमले में बलिदान हुए सुंई खैसकांडे निवासी 22 बटालियन असम राइफल के वारंट ऑफिसर गुणानंद चौबे (56) का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके द्वारिका (दिल्ली) स्थित आवास पर लाया जाएगा। दिल्ली में ही सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह जानकारी बलिदानी वारंट ऑफिसर चौबे के बड़े भाई गोविंद चौबे ने दी।
उन्होंने बताया कि मणिपुर में उग्रवादी हमले में सोमवार तड़के उनके भाई बलिदान हो गए थे। पहले मंगलवार शाम तक दिल्ली में उनके पार्थिव शरीर के पहुंचने की उम्मीद थी। बताया कि मणिपुर में पोस्टमार्टम के कारण अब बुधवार को दोपहर दो बजे तक उनका पार्थिव शरीर दिल्ली लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद पैतृक गांव सुंई खैसकांडे में ही उनका क्रियाकर्म किया जाएगा। बताया कि एसडीएम, आईटीबीपी के अधिकारी उन्हें संवेदना देते हुए उनसे संपर्क बनाए हुए हैं।