लोहाघाट छमनियां स्टेडियम में ट्रायल लैंडिंग करता वायुसेना का हैलीकॉप्टर। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित अद्वैत आश्रम मायावती दौरे को लेकर प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। पीएम के संभावित दौरे को लेकर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने क्षेत्र में तीन स्थानों पर ट्रायल लैंडिंग की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 अक्तूबर को संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।
डीएम नवनीत पांडे के दिशा निर्देशन में प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। पीएम के दौरे को देखते हुए छमनियां स्टेडियम से लेकर मायावती आश्रम तक युद्ध स्तर पर विभिन्न कार्य चल रहे हैं। जहां छमनियांचौड़ स्टेडियम को जोड़ने वाले मार्ग में इंटर लाकिंग टाइल बिछाई जा रही है वहीं सड़कों के दोनों ओर झाड़ी कटान, मिट्टी भरान का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। सोमवार को राजकीय पालीटेक्निक खेल मैदान, जीआईसी खेल मैदान, स्टेडियम में तैयार हेलीपैड में वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने ट्रायल लैंडिंग की।
लैंडिंग के दौरान एसडीएम रिंकू बिष्ट, तहसीलदार विजय गोस्वामी, थानाध्यक्ष मनीष खत्री, दमकल, राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। बाद में दल बल के साथ पहुंचे एडीएम हेमंत वर्मा ने स्टेडियम में हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। टीम में लोनिवि, राजस्व विभाग, पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।