लोहाघाट नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में चर्चा करते चेयरमेन व सभासद।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर पंचायत बोर्ड की मासिक बैठक में किफायती आवास बनाने, स्वरोजगार बढ़ाने और स्वतंत्रता दिवस पर दमकल कर्मियों को सम्मानित करने समेत कई विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए।
चेयरमैन गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में जून, जुलाई के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। बैठक में सातों वार्डों में विभिन्न निर्माण कार्य कराने, स्वतंत्रता दिवस पर कोरोना योद्धा दमकल कर्मियों को सम्मानित करने, नगर पंचायत क्षेत्र में किफायती आवास बनाने, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों को कई प्रशिक्षण दिलाने, नगर आजीविका योजना के लिए शासन को पत्र भेजने, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत मोटर स्टेशन से बस स्टेशन तक सौंदर्यीकरण कार्य कराने, नगर पंचायत सदस्यों को मानदेय देने का प्रस्ताव शासन को भेजने पर सहमति जताई गई। ईओ कमल कुमार ने संचालन किया। बैठक में सभासद राजकिशोर साह, दीपक साह, भुवन बहादुर, दीपा गोस्वामी, बीना कन्नौजिया, मीना ढेक, नवीन नाथ गोस्वामी, भुवन उपाध्याय आदि रहे।