चंपावत/लोहाघाट। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंगदा घाट के पास सब्जी लेकर पिथौरागढ़ जा रही एक पिकअप 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चालक सहित दो घायल हो गए। दोनों घायलों का पिथौरागढ़ के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है।
एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि पीलीभीत से सब्जी लेकर पिथौरागढ़ जा रही पिकअप जीप रविवार रात करीब नौ बजे एनएच पर सिंगदा घाट के पास बेकाबू होकर खाई में गिर गई। सूचना मिलने पर लोहाघाट थाने की पुलिस और अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में डीडीहाट निवासी चंचल सिंह (55) की मौके पर मौत हो गई जबकि खटीमा पेहनिया निवासी चालक केशर सिंह (31) पुत्र राम सिंह और पिथौरागढ़ के मड़मानले निवासी दीवान सिंह (32) पुत्र कमान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा गया।
घाट हादसे का दीवान सिंह।- फोटो : TANAKPUR