देवाल। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं उद्यम वृद्धि परियोजना की ओर से सुनंदा स्वायत्त सहकारिता मुंदोली की प्रथम वार्षिक बैठक हुई। इस दौरान समूहों में बेहतर कार्य करने वाली पुष्पा, कमला देवी, पुष्पा देवी, बसंती देवी और सुशीला देवी को सम्मानित किया गया। कार्यकारिणी का चुनाव करते हुए सुशीला देवी को अध्यक्ष, किरन को कोषाध्यक्ष, भवानी देवी को सचिव चुना गया। जबकि उमा देवी, कली देवी, अनीता, ललिता को निदेशक मंडल में सदस्य मनोनीत किया गया। आम सभा में 18 ग्राम संगठनों के 198 महिला सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
सुनंदा सहकारिता की आम सभा का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. दर्शन दानू ने किया। उन्होंने कलस्टर सदस्यों को सहकारिता के साथ मिलकर स्वरोजगार से अपनी आर्थिकी मजबूत करने की अपील की। इस मौके पर सुनंदा कलस्टर के मयंक कुनियाल, व्यापार प्रोत्साहक महिपाल सिंह, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, बीडीसी मेंबर पान सिंह तुलेरा, ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक भास्कर तिवाड़ी, हिमालय फल प्रसंस्करण केंद्र के अध्यक्ष बलवीर दानू, एनआरएलएम के ब्लॉक मिशन प्रबंधक जियाल हसन, रीप के लक्ष्मी प्रसाद, आजीविका के अर्जुन कपकोटी और कमल दानू आदि शामिल थे। संवाद