5 करोड़ की लागत से हो रहा डिम्मर-सिमली मार्ग का सुधारीकरण
ग्रामीणों ने पैदल रास्ते की मरम्मत और दीवार निर्माण की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। करीब 5 करोड़ की लागत से डिम्मर-सिमली मार्ग का सुधारीकरण होना है। छह माह पूर्व काम शुरू हुआ था और सड़क की कटिंग कर दी गई। मगर सड़क कटिंग के दौरान यहां बनी चार से अधिक सुरक्षा दीवारें ढह गईं और पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों ने सड़क का काम पूरा कर पैदल रास्ते की मरम्मत और दीवार निर्माण की मांग उठाई।
योगेंद्र प्रसाद डिमरी, नरेश चंद्र, जगदीश प्रसाद, पुष्कर लाल आदि ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत डिम्मर-सिमली मार्ग का सुधारीकरण हो रहा है। मगर इस कार्य से चार से अधिक सुरक्षा दीवारें और माखोली-धारडुंग्री-ऊलाड़ी गांवों को जाने वाले पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे में स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। दूसरी ओर पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता शशांक गोदियाल ने बताया कि दीवारों और पैदल रास्ते के निर्माण के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित कर दिया गया है।