कुलसारी के बूढाडांग गांव के सामने निर्माणाधीन पैनगढ मोटर मार्ग का उपरी पहाड़ का हिस्सा टूट कर गि?
- फोटो : KARNPRYAG
कुलसारी के बूढाडांग गांव के सामने निर्माणाधीन थराली-पैनगढ़ मार्ग पर पहाड़ी दरक गई और मलबा व बोल्डर पिंडर नदी में जा गिरे। नदी में झील बनने की आशंका को देखते हुए बूढाडांग गांव के ग्रामीणों को सोमवार रात को रतजगा करना पड़ा। पहाड़ी दरकने से पैनगढ़ गांव के लोगों का संपर्क मार्ग भी ध्वस्त हो गया है।
लक्ष्मी प्रसाद, गोपालदत्त, यमुनाप्रसाद और दिनेश गौड़ ने बताया कि सोमवार देर शाम को थराली तहसील के कुलसारी ग्राम पंचायत के बूढाडांग गांव में पहाड़ी दरकने से मलबा और बोल्डर पिंडर नदी में जा गिरे। यहां झील बनने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी और दहशत में उन्हें पूरी रात गुजारनी पड़ी। उन्होंने बताया कि नदी का बहाव गांव की तरफ होने के कारण उनकी कृषि भूमि पर खड़ी फसल भी नष्ट हो गई है। उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर तहसीलदार रवि शाह और अन्य राजस्व कर्मियों को साथ लेकर बूढाडांग गांव पहुंचे और निरीक्षण किया। खतरे को देखते हुए उन्होंने एनडीआरएफ को भी अलर्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि थराली-पैनगढ़ मार्ग का निर्माण किया जा रहा है और पहाड़ी पर सड़क मार्ग के कटान के कारण चट्टान से भूस्खलन हुआ है। बूढाडांग के लोगों ने पिंडर नदी के किनारे सुरक्षा दीवार बनाने की मांग शासन-प्रशासन से की।