चौड़ीकरण के कारण बन रही स्थिति, वाहन चालक खुद जाम खोलने में जुटे
मौके पर नहीं था कोई पुलिस जवान
संवाद न्यूज एजेंसी
चमोली। बदरीनाथ हाईवे पर मैठाणा के पास हो रहे चौड़ीकरण कार्य से यहां जाम लगा रहा जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। यहां जाम खोलने के लिए कोई पुलिस जवान तैनात नहीं था। जाम से निकलने की होड़ में लोगों ने वाहनों को आड़ा-तिरछा कर दिया जिससे यहां वाहन आगे ही नहीं बढ़ पाए। ऐसे में वाहन चालकों ने समझदारी दिखाते हुए खुद कमान संभाली और एक-एक कर वाहन आगे बढ़ाए। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल पाया और वाहनों की आवाजाही सुचारु हुई।
बदरीनाथ हाईवे का अधिकांश जगह पर चौड़ीकरण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन कुछ चट्टानी क्षेत्र ऐसे हैं जहां अभी चौड़ीकरण का काम किया जाना शेष है। इन दिनों एनएच की ओर से मैठाणा चाड़े पर हिल कटिंग का काम किया जा रहा है जिससे यहां पर वाहनों को काफी समय तक रोका जा रहा है। सोमवार को भी अपराह्न करीब तीन बजे यहां वाहनों को रोका गया, लेकिन आगे बढ़ने की होड़ में चालक वाहनों को आड़े तिरछे कर दिया जिससे यहां जाम लग गया। इसके बाद वाहन चालकों ने समझदारी दिखाई और खुद जाम खुलवाने में जुट गए। एक-एक कर वाहन भेजे गए और करीब डेढ़ घंटे बाद करीब साढ़े चार बजे जाम खुल पाया। वहीं चमोली कोतवाली प्रभारी कुलदीप रावत ने बताया कि हाईवे चौड़ीकरण के कारण वाहनों को रोका जा रहा है। मौके पर एक होमगार्ड तैनात किया गया है। एनएच के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहते हैं।