चमोली जिले से लगे चीन सीमा क्षेत्र में बढ़ती ठंड के कारण फिलहाल सड़क विस्तारीकरण कार्य रुक गया है। ठंड और बर्फबारी के कारण बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) ने अपने मजदूरों को वापस भी बुला लिया है। इन दिनों नीती और माणा घाटी में शीतलहर चलने के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ जम गई है, जिससे यहां पारा माइनस पांच से अधिक है।
पिछले सात वर्षों से बीआरओ सीमा क्षेत्रों को सड़क से जोड़ने में लगा हुआ है। नीती घाटी में आईटीबीपी की अंतिम चौकी तक सड़क की हिल कटिंग हो गई है और यहां डामरीकरण कार्य किया जाना है, जबकि माणा घाटी में भी माणा पास से कुछ ही दूरी तक सड़क निर्माण कार्य हो चुका है। दूसरे चरण में यहां डामरीकरण कार्य किया जाना है, लेकिन अत्यधिक ठंड और बर्फ के कारण यहां सड़क निर्माण कार्य चुनौतीपूर्ण है, जिसे देखते हुए बीआरओ ने मजदूरों को वापस बुला लिया है और मजदूर निचले क्षेत्रों में लौट आए हैं। बीआरओ के कमांडर कर्नल मनीष कपिल का कहना है कि सीमा क्षेत्र की सड़कों पर बर्फ जमी हुई है, जिससे फिलहाल इन दिनों यहां सड़क निर्माण कार्य करना संभव नहीं हो पा रहा है। बर्फ पिघलने के बाद ही यहां फिर से सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।