हाईकोर्ट से चारधाम यात्रा शुरू करने की अनुमति मिलने पर बदरी-केदार में जश्न का माहौल है। बदरीश संघर्ष समिति ने खुशी जताते हुए बदरीनाथ धाम में रैली निकाली और परिसर में नाचकर खुशी मनाई। तीर्थपुरोहित, कारोबारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यात्रा का लगभग डेढ़ माह शेष रह गया है। बावजूद यात्रा मार्ग व कस्बों और धामों में कई लोगों की आजीविका को बल मिलेगा और साढ़े चार माह से चला आ रहा सन्नाटा भी खत्म हो जाएगा।
कोरोनाकाल में बंद चल रही चारधाम यात्रा शुरू करने की मांग को लेकर बदरी-केदार में लंबे समय से हक-हकूकधारियों का आंदोलन चल रहा था। बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट से यात्रा शुरू करने की अनुमति मिलने पर यात्रा से जुड़े हक-हकूकधारियों, तीर्थ पुरोहितों, पंडा समाज, व्यापारियों सहित स्थानीय लोगों ने खुशी जताई। बदरीनाथ में बदरीश संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेश मेहता के नेतृत्व में साधू संतों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बदरीनाथ में ढोल नगाड़ों के साथ रैली निकाली। लोगों ने कहा कि यात्रा शुरू होने से राहत मिलेगी। यात्रियों की चहल-पहल होने से धाम में लंबे समय से बना सूनापन भी दूर होगा। वहीं जोशीमठ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की।
वहीं रुद्रप्रयाग में भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल ने कहा कि यात्रा शुरू होने से कस्बों, बाजारों व केदारनाथ में चला आ रहा सन्नाटा खत्म होगा। साथ ही यात्रा से जुड़े लोगों की आजीविका भी शुरू होगी। केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, संतोष त्रिवेदी, राजकुमार तिवारी आदि ने कहा कि देरी से ही सही लेकिन यात्रा शुरू हो रही है। इधर, श्रीकेदार होटल ऑनर्स एसोसिएशन के सचिव नितिन जमलोकी और टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष राय सिंह राणा ने कहा कि यात्रा संचालन से कारोबारियों व वाहन संचालक/मालिकों को आजीविका पटरी पर लौटेगी। साथ ही बैंक किश्त जुटाने में मदद मिलेगी।
कोट
सरकार ने मजबूती से हाईकोर्ट में अपनी बात रखी है, जिससे यात्रा की अनुमति मिली है। यात्रा शुरू होने से चारधाम में रौनक लौटेगी साथ ही श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन व पूजा-पाठ कर पुण्य अर्जित कर सकेंगे। - श्रीनिवास पोश्ती, वरिष्ठ तीर्थपुरोहित व चारधाम देवस्थानम बोर्ड सदस्य।
इंसेट
बदरीनाथ के दर्शन करने के बाद मौनी बाबा का अनशन खत्म
जोशीमठ। चारधाम यात्रा शुरू करने की मांग को लेकर मौनी बाबा बदरीनाथ धाम में अपने लाल बाबा आश्रम में 16 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे। बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट के चारधाम यात्रा संचालन के आदेश के बाद मौनी बाबा ने कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए भगवान बदरीनाथ के दर्शन किए और उसके बाद एसडीएम कुमकुम जोशी ने जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। इस दौरान कई साधु-संत भी मौजूद रहे। संवाद