राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा का प्रांतीय अधिवेशन 24 अप्रैल को देहरादून में होगा। इस अधिवेशन में प्रतिभाग करने के लिए चमोली जिले से बड़ी संख्या में कर्मचारी देहरादून जाएंगे।
रविवार को गोपेश्वर में हुई मोर्चा की बैठक में ब्लॉक और जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। मोर्चा के जिलाध्यक्ष पूरन फरस्वाण ने कहा कि सम्मेलन में हर ब्लाक से 50 कर्मचारी प्रतिभाग करने के लिए जाएंगे। इसके लिए ब्लॉक कार्यकारिणी को जिम्मेदारी दी गई है। जिला महासचिव सतीश कुमार ने बताया कि चमोली से 23 अप्रैल को कर्मचारी देहरादून प्रस्थान करेंगे। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष जगत सिंह फरस्वाण, ब्लॉक अध्यक्ष अजीत नेगी, शिवदर्शन सिंह नेगी, जसवंत सिंह रावत, संयोजक बलराम सती, बृजमोहन जोशी, विक्रम भारती, धनी आगरी, राजेंद्र सिंह फरस्वाण, मनीष और चंद्रप्रकाश आदि मौजूद रहे।