कर्णप्रयाग में चिकित्सकों का तबादला रोकने की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन करते गुस्साए लोग।
- फोटो : KARNPRYAG
उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग में तैनात तीन डॉक्टरों का तबादला होने से नाराज लोगों ने प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका। नाराज लोगों ने कहा कि जब तक तबादले पर भेजे गए डॉक्टरों की जगह पर विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं भेजे जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने सीएम, मुख्य निर्वाचन आयुक्त व राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर डाक्टरों का तबादला रोकने की मांग उठाई।
लोगों ने कहा कि गोपेश्वर सहित पूरे चमोली जिले के लोग इस अस्पताल में इलाज कराने आते हैं। इस अस्पताल में पहले से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थित बेहतर नहीं है और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के बजाय लगातार कम की जा रही है। लोगों ने बेस अस्पताल सिमली और बदरीनाथ हाईवे किनारे बने ट्रामा सेंटर को शुरू न करने पर भी नाराजगी जताई। गुस्साए लोगों ने कहा कि कर्णप्रयाग अस्पताल से किसी भी हाल में डाक्टरों का तबादला नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर बीरेंद्र मिंगवाल, राजेंद्र सगोई, भुवन नौटियाल, इंद्रेश मैखुरी, कैलाश खंडूड़ी, जितेंद्र कुमार, संजय रावत, सुभाष रावत, भगवती थपलियाल और चक्रधर प्रसाद आदि मौजूद थे।