नंदप्रयाग में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच करते विशेषज्ञ चिकित्सक।
- फोटो : GOPESHWAR
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राधाकृष्ण वैष्णव और स्व. चंद्रावती वैष्णव की पुण्यतिथि पर शनिवार को नंदप्रयाग में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 1500 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां दी गईं। इस दौरान 1500 में से 750 लोग मधुमेह से पीड़ित मिले। नोएडा से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर के आयोजक नोएडा के वरिष्ठ फिजिशियन डा. गिरीश वैष्णव ने बताया कि शिविर में 750 लोग मधुमेह से पीड़ित मिले। शिविर में जोड़ों के दर्द, हड्डी और आंखों की परेशानी के मरीज अधिक आए। अधिकांश महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी मिली। शिविर का शुभारंभ थराली विधायक मुन्नी देवी शाह ने किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष डा. हिमानी वैष्णव, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, चमोली जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष डा. जेपी वैष्णव, राकेश डिमरी, समीर बहुगुणा, डा. गिरीश चंद्र वैष्णव आदि मौजूद थे। शिविर में जोशीमठ, पीपलकोटी, चमोली, गोपेश्वर, कर्णप्रयाग, गौचर, घाट, पोखरी सहित विभिन्न क्षेत्रों से ग्रामीण पहुंचे थे।