- सुबह से ही बाबा के दर्शनों के लिए जुटे रहे श्रद्धालु
रुद्रप्रयाग। रविवार को ब्रह्ममुहूर्त में केदारनाथ मंदिर के शुद्विकरण के साथ ही नियमित पूजाएं शुरू हुईं। इसके बाद दिनभर बाबा केदार के दर्शन के लिए मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटी रही। बता दें कि देशव्यापी चंद्रग्रहण के सूतक के चलते शनिवार को सांय 4 बजे कपाट बंद कर दिए गए थे।
रविवार को ब्रह्ममुहुर्त में विधि-विधान के साथ मंदिर की साफ-सफाई की गई। इसके बाद बाबा केदार का रुद्राभिषेक, महाभिषेक के साथ जलाभिषेक किया गया। साथ ही सुबह 5 बजे से बाबा केदार के धर्म दर्शन शुरू हुए। इसके बाद पूरे दिन दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान कई विशेष अतिथि श्रद्धालुओं ने भी बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित प्राप्त किया। श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कार्याधिकारी रमेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मंदिर के कपाट ब्रह्ममुहूर्त में चार बजे खोल दिए गए थे।
-
10 हजार से अधिक ने किए बदरीनाथ के दर्शन
जोशीमठ। बदरीनाथ धाम में रविवार को श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। चंद्रग्रहण के बाद रविवार को ब्रह्ममुहूर्त पर शुद्धीकरण के बाद मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। जिसके बाद यहां पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार शाम तक 10 हजार से अधिक यात्रियों ने भगवान के दर्शन किए। वहीं बदरीनाथ धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 17 लाख के करीब पहुंच गई है। बदरीनाथ धाम के कपाट 18 नवंबर को बंद होंगे, ऐसे में यात्रा अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। इसलिए अधिक से अधिक लोग मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। संवाद
-