कर्णप्रयाग। नगर पालिका के अपर बाजार, हनुमान मंदिर और आईटीआई में लगातार हो रहे भूस्खलन जोन का ट्रीटमेंट नहीं हो पाया है। ऐसे में यहां लोग हल्की बारिश में भी रतजगा करते हैं।
आईटीआई के सोहन नौटियाल का कहना है कि आईटीआई पैदल मार्ग के नीचे लगातार भूस्खलन हो रहा है जिससे उनके मकान पर अब हल्की दरारें भी आने लगी हैं। यहां हो रहे भूस्खलन से आसपास के मकान भी खतरे की जद में हैं। वहीं अपर बाजार के अनिल खंडूड़ी ने बताया कि हल्की बारिश में भी रतजगा करना पड़ता है। वहीं हनुमान मंदिर बस्ती के नवीन डिमरी का कहना है कि बस्ती के नीचे हो रहे भूस्खलन के बेहतर और उच्चस्तरीय तकनीकी से सुरक्षा कार्य होने चाहिए जिससे लोगों के घर और पैतृक भूमि बच सके। वहीं नगर पालिका के ईओ गुरदीप आर्य ने बताया कि बीते साल हनुमान मंदिर के निचले इलाके और आईटीआई में करीब दस लाख के सुरक्षा कार्य हुए। जबकि हनुमान मंदिर के निचले इलाके में अभी ढाई लाख के काम और प्रस्तावित हैं। संवाद