नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग पर जेसीबी खाई में गिरने से ऑपरेटर की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने शव खाई से बाहर निकाला।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जेसीबी घाट से नंद्रप्रयाग की ओर जा रही थी। घाट से करीब डेढ़ किमी आगे सेतोली गांव के पास जेसीबी करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में जेसीबी ऑपरेटर अनीष मलिक (35 साल) निवासी देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को खाई से बाहर निकाला। संवाद
दुर्घटना के मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
घाट। 16 सितंबर को बिरही-निजमुला मार्ग पर हुई दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जिलाधिकारी ने दिए हैं। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी। मामले की जांच संयुक्त मजिस्ट्रेट अभिनव शाह की ओर से जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में किसी के पास कोई साक्ष्य या जानकारी हो तो वह सात दिनों में उनके कार्यालय तहसील चमोली में दे सकते हैं।