चमोली जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रा का संचालन न होने के कारण श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व सादगी के साथ मनाया गया। बदरीनाथ धाम ब्रह्ममुहूर्त पर खुला और नित्य पूजा अर्चना के बाद सायंकालीन आरती हुई। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण का जन्म रोहिणी नक्षत्र में हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद जयकारों के साथ पालकी में भगवान के बाल स्वरूप की प्रतिमा को झुलाया गया। श्रीकृष्ण के परम सखा उद्धव जी भी समारोह में शामिल हुए। बदरीनाथ के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की।
वहीं, गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। पीपलकोटी के पाखी गरुड़ गंगा मंदिर में जन्माष्टमी पर भव्य मेला आयोजित किया गया। दुर्गा नृसिंह मंदिर पाखी से भगवान श्रीकृष्ण की डोली व झांकी गरुड़ गंगा तक निकाली गई। इस दौरान ग्राम प्रधान पाखी सुनीता जोशी, क्षेपंस सुलोचना देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। पंच बदरी मंदिर में से एक भविष्य बदरी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं ने कृष्ण भजनों पर नृत्य की प्रस्तुति दी। भविष्य बदरी मंदिर में विशेष पूजा भी हुई। वहीं, पोखरी के वासुकेदार, पुष्केश्वर, रैसू नैलेश्वर महादेव सहित अन्य मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। जोशीमठ, नंदप्रयाग, घाट सहित कई जगहों पर जन्माष्टमी की धूम रही।
जन्माष्टमी पर भक्तों ने निकाली झांकी
कर्णप्रयाग/नारायणबगड़/आदिबदरी/थराली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कर्णप्रयाग में पैट्रोल पंप से मुख्य बाजार तक विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी निकाली गई। भक्तों ने श्री कृष्ण के जयकारे लगाकर भगवान की पूजा की। इस मौके पर विहित के प्रांतीय उपाध्यक्ष चिंतामणि सेमवाल, जिलाध्यक्ष जनार्दन चमोली, नगर अध्यक्ष गोपीराम बैजवाल, प्रताप लूथरा, सुभाष चमोली, पालिकाध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, मनोरमा नैनवाल आदि मौजूद थे। वहीं, कर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही।
नारायणबगड़ में बच्चों को श्रीकृष्ण और राधा के रूप में सुसज्जित किया गया। हरमनी बाजार में कृष्ण जन्म महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें लोक गायक प्रेमचंद्र पुरोहित टीम ने कीर्तन-भजन किए। व्यापार संघ से संजय बिष्ट ने कृष्ण भगवान के लिए कई व्यंजन तैयार किए गए। वहीं आदिबदरी मंदिर परिसर में इस बार बदरीनारायण कमेटी व स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी डोली भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान अरुण खंडूड़ी की भजन मंडली ने खूब रंग जमाया। भाजपा नेता टीका मैखुरी, कांग्रेस के मुकेश नेगी ने भी भगवान के दर्शन किए। गैरसैंण में भी मंदिरों में दिन भर भक्तों की भीड़ लगी रही। वहीं थराली में भी श्रीकृष्ण की झांकी निकाली गई। संवाद