गौचर बैरियर का निरीक्षण करते चमोली के एसपी सर्वेश पंवार।
गौचर। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शुक्रवार को आईटीबीपी कैंप के निकट चेकिंग बैरियर पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बिना पंजीकरण के यात्रा पर आने वाले यात्रियों के वाहनों को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा के चरम पर होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। साथ ही 25 मई से हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने से यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ने के आसार हैं।
एसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि कई यात्री बिना पंजीकरण के पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ने से अव्यवस्था हो रही है और जिसका खामियाजा यात्रियों को ही भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में बिना पंजीकरण के यात्रा पर आने वाले वाहनों को बैरियर पर ही रोक दिया जाए। उन्होंने पंजीकरण केंद्र पर आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। इस दौरान कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। संवाद