गोपेश्वर जिला सभागार में स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेतीं डीएम स्वाति एस भदौरिया।
- फोटो : GOPESHWAR
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं और वित्तीय व्यय के प्रगति पर चर्चा हुई। बैठक में कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर की तैयारियों को लेकर भी गहनता से समीक्षा की गई। क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सफलतापूर्वक चिकित्सा कोर्स पूरा करने पर ठीक हुए लोगों को भी सम्मानित किया गया।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कोरोना की तीसरी लहर के प्रकोप से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को बच्चों के लिए माइक्रो न्यूट्रिएंट्स किट (सूक्ष्म पोषक तत्व किट) तैयार कर इन्हें शीघ्र ब्लॉक में वितरित करने के निर्देश दिए। ताकि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सके। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को चारधाम यात्रा मार्ग पर चिकित्सा इकाई, डॉक्टर एवं एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। सीएमओ डा. केके अग्रवाल ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर के दृष्टिगत बच्चों के लिए जिले में अभी तक ऑक्सीजनयुक्त 101 बेड तैयार कर लिए गए हैं, जबकि 373 अतिरिक्त बेड तैयार किए गए हैं।