नगर क्षेत्र गोपेश्वर से लगे हल्दापानी क्षेत्र में हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि वह कई बार इस समस्या को उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई काम नहीं हुआ है। जिससे क्षेत्र के करीब 30 से 40 मकान और कृषि भूमि को खतरा पैदा हो गया है।
विकासनगर हल्दापानी आपदा समिति की ओर से जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि क्षेत्र में भूस्खलन लगातार बढ़ता ही जा रहा है। लोगों के घरों में दरारें पहले से अधिक हो गई हैं। उनका कहना है कि चमोली-मंडल राष्ट्रीय राजमार्ग से पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। नालियां टूटी होने से पानी भूस्खलन क्षेत्र में पहुंच रहा है। यहां पर सड़क भी धंस चुकी है। नगर पालिका गोपेश्वर ने भी नाली निर्माण नहीं कराया है। ज्ञापन देने वालों में विमला देवी, हरि प्रसाद ममगाईं, चंद्रप्रकाश, जीसी नौटियाल, केएल भट्ट, यदूनंदन, जीएस भंडारी, पीएस नेगी आदि शामिल थे। संवाद