कर्णप्रयाग। राजकीय आदर्श इंटर काॅलेज में ब्लॉक स्तरीय पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न स्कूलों से आए 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सीनियर और जूनियर वर्ग में आयोजित इन प्रतियोगिताओं के विज्ञान ड्रामा में जीआईसी कोटी-चांदपुर और जीआईसी कनखुल प्रथम रहे।
जीआईसी सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विनोद मटूड़ा एवं प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र डिमरी ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने प्रतिभागी बच्चों को विज्ञान की उपयोगिता, विज्ञान के विकास और अन्य जानकारियां दीं। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में हिंदी कविता में जीआईसी कोटकंडारा, इंग्लिश कविता और मॉडल में कोटी चांदपुर तथा क्विज में जीजीआईसी कर्णप्रयाग प्रथम रहा। वहीं जूनियर वर्ग में हिंदी कविता में जीआईसी कर्णप्रयाग, अंग्रेजी कविता में कनखुल, मॉडल में जीजीआईसी कर्णप्रयाग, क्विज में जीआईसी सलियाना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चयनित बच्चे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 10 अक्तूबर से 15 अक्तूबर के बीच गोपेश्वर में होगा। संवाद