एस्ट्रोविलेज के रुप में विकसित के लिए बेनीताल का निरीक्षण करते डीएम हिमांशु खुराना और पर्यटन वि?
- फोटो : KARNPRYAG
चमोली जिला प्रशासन ने कर्णप्रयाग ब्लॉक के बेनीताल को एस्ट्रोविलेज के रूप में विकसित करने की कवायद तेज कर दी है। अब पहाड़ की वादियों में रहकर हजारों प्रकाश वर्ष दूर खगोलीय घटनाओं के रहस्यमयी नजारों को बेहद करीब से देखने की लालसा अब जल्द पूरी होगी। बेनीताल को एस्ट्रोविलेज बनाने के लिए पर्यटन विभाग ने जीएमवीएन को जिम्मेदारी सौंपकर पांच करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेज दी है। साथ ही बेनीताल में वन भूमि हस्तांतरण के लिए प्राथमिक स्वीकृति भी मिल चुकी है।
एस्ट्रोविलेज के तहत बेनीताल में दूरबीन लगने के बाद रात को आकाश में तारों और सौरमंडल के ग्रहों को आसानी से देखा और पहचाना जा सकेगा। डीएम हिमांशु खुराना ने एस्ट्रोविलेज के लिए प्रस्तावित कार्यों और बेनीताल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए बृहस्पतिवार को बेनीताल का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि पर्यटन गतिविधियों को लेकर तात्कालिक रूप से यहां पर जो कार्य किए जा सकते हैं उनको जल्द शुरू किया जाए। बेनीताल में पर्यटन विभाग के माध्यम से खगोलीय घटनाओं को करीब से देखने के लिए बड़ी दूरबीनें लगाई जाएंगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां पर बेनिकॉटेज, पाथवे, टेंट प्लेटफार्म, नाइट विजन डॉम, रेस्टोरेंट, रिसेप्शन व टूरिस्ट वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने सिमली से बेनीताल मार्ग को दुरुस्त करने के साथ मार्ग पर साइनेज (डिस्पले बोर्ड) लगवाए जाएं। ताकि अधिक से अधिक लोग इस खूबसूरत स्थल तक पहुंच सकें। इस मौके पर सीडीओ वरुण चैधरी, एसडीएम वैभव गुप्ता, जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेंद्र पांडेय थे।