छिनका गांव में 20 दिनों से पेयजल सप्लाई ठप होने से ग्रामीण अलकनंदा के पानी से प्यास बुझाने के लिए मजबूर हैं। छिनका गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर गांव में पेयजल की समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई।
ग्राम प्रधान सुमन देवी, बीडीसी सदस्य इंदु देवी, जीतपाल सिंह झिंक्वाण, कुंवर सिंह पाल, एमपी थपलियाल, संजय उनियाल, सुनीता सती, अयोध्या प्रसाद सती, दर्शन असवाल, बद्री प्रसाद सती और मथुरा गुसाईं आदि ने बताया कि छिनका गांव में करीब 100 परिवार रहते हैं। पानी की समस्या को लेकर कई बार जल संस्थान से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है। नलों में थोड़ा बहुत पानी आ भी रहा है तो वह भी दूषित है। पेयजल योजना पर फिल्टर की व्यवस्था नहीं है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत गांव में समितियां गठित की गई हैं, लेकिन समिति को बताए बिना जल संस्थान और ठेकेदार ने लाइन बिछाकर कनेक्शन दे दिए, जबकि लाइन पर पानी की कमी के संबंध में पहले ही विभाग को बता दिया था। उन्होंने पेयजल समस्या के समाधान और जल जीवन मिशन के तहत कार्यों के निरीक्षण करवाने की मांग की। डीएम हिमांशु खुराना ने शीघ्र इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर पेयजल सप्लाई सुचारु करवाने का आश्वासन दिया।