सदस्य बोले, जब समस्याएं सुनने वाले ही नहीं हैं तो बैठक का क्या औचित्य
ब्लॉक प्रमुख ने कहा-डीएम को लिखेंगे पत्र, चार अक्तूबर को होगी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी। क्षेत्र पंचायत पोखरी की बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर सदस्यों ने हंगामा किया। नाराज सदस्यों ने कहा कि जब उनकी समस्याओं को सुनने वाला यहां कोई नहीं है तो बैठक का क्या औचित्य रह जाता है। इसके बाद बैठक स्थगित कर दी गई।
बुधवार को हुई क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक शुरू होते ही सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। ब्लॉक प्रमुख प्रीती भंडारी ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई। इस पर सदस्यों ने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारियों के बैठक में नहीं होने से जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को कौन सुनेगा, पिछली बैठक में उठी समस्याओं पर क्या कार्रवाई हुई इसका जवाब कौन देगा। अधिकारी नहीं हैं तो बैठक करने का कोई मतलब नहीं रह जाता। इसके बाद सभी ने बैठक स्थगित करने का एलान करते हुए कहा कि अब बैठक चार अक्तूबर को होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र भी भेजा जाएगा। वहीं एसडीएम कमलेश मेहता ने बताया कि वे डीएम से अनुरोध करेंगे कि बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को भेजने के लिए निर्देशित किया जाए। इस दौरान बीडीओ राजेंद्र सिंह बिष्ट, ज्येष्ठ उपप्रमुख पूरण सिंह, कनिष्ठ उपप्रमुख जयकृत बिष्ट, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह राणा, रौता के प्रधान बीरेंद्र सिंह सहित अन्य ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद