बदरीनाथ धाम के दर्शन करने के लिए महाराष्ट्र से आया एक श्रद्धालु शुक्रवार को अचानक लापता हो गया। तब से श्रद्धालु का कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। बदरीनाथ थाने में शुक्रवार को डॉ. देवेंद्र विश्वनाथ इंडी पुत्र विश्वनाथ बस्तर निवासी मालगे अपार्टमेंट सोलापुर महाराष्ट्र ने सूचना दी कि उसका भाई डॉ. आनंद कुमार विश्वनाथ इंडी बदरीनाथ में मंदिर के दर्शन करने के दौरान लापता हो गया है। पुलिस ने मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में एनाउसमेंट कराया, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
पुलिस के अनुसार डॉ. आनंद कुमार के मोबाइल की अंतिम लोकेशन शुक्रवार सुबह नौ बजे बदरीनाथ मंदिर के आसपास मिली है। परिजनों ने बताया कि लापता डॉ. आनंद अल्जाइमर बीमारी से पीड़ित हैं। बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि लापता श्रद्धालु की तलाश की जा रही है।