पीपलकोटी। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख व सांसद प्रतिनिधि अयोध्या हटवाल ने गडोरा में बदरीनाथ हाईवे की बदहाल स्थिति को सुधारने की मांग उठाई। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कहा कि वर्ष 2016 तक जब बदरीनाथ हाईवे का जिम्मा बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) के पास था, तब हाईवे दुरुस्त था, लेकिन अब एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) हाईवे का सही ढंग से रखरखाव नहीं कर पा रहा है।
कहा कि बीते 13 अगस्त की रात को गडोरा गांव के बरसाती गदेरे में बाढ़ आने से हाईवे का करीब 50 मीटर हिस्सा बह चुका है। यहां गदेरे के पानी की निकासी न होने से पानी होटल और दुकानों में घुस रहा है। उन्होंने चमोली से नीती और माणा तक हाईवे के रख-रखाव का जिम्मा फिर से बीआरओ को सौंपने की मांग उठाई। कहा कि एनएचआईडीसीएल के पास न तो पर्याप्त मशीनरी है और न ही मजदूर, जिससे हाईवे का रखरखाव नहीं हो पा रहा है और तीर्थयात्रियों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संवाद