जोशीमठ। आगामी दिसंबर माह से औली में पर्यटन सीजन शुरू हो जाएगा लेकिन औली को जोशीमठ से जोड़ने वाली सड़क बदहाल स्थिति में है। ऐसे में यहां आने वाले पर्यटकों को जाम से जूझना पड़ेगा। जनप्रतिनिधियों ने शासन से औली सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की और इस संबंध में मुख्यमंत्री और डीएम को भी ज्ञापन भेजा।
नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार, जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के प्रवक्ता कमल रतूड़ी, पूर्व पालिकाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती आदि ने कहा कि सर्दियों में औली में पर्यटक भारी तादाद में पहुंचते हैं। खासकर क्रिसमस और थर्टी फर्स्ट के अलावा बर्फबारी होने पर यहां पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ता है। उस समय पूरा औली पैक रहता है लेकिन जोशीमठ-औली सड़क मार्ग काफी संकरा है जिससे यहां घंटों जाम लगा रहता है। कई बार तो पर्यटकों को पूरे दिन जाम से परेशान होना पड़ता है। उन्होंने बीआरओ से शीघ्र सड़क का चौड़ीकरण कराने की मांग की।