पोखरी के जंगल में आग बुझाते वन कर्मी। संवाद
चमोली में शुक्रवार को तीन जगहों पर जंगल जले। लंगासू के पास सिविल वन क्षेत्र में अचानक जंगलों में आग लग गई। सूचना पर वन पंचायत सरपंच और अन्य लोग पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास किए गए लेकिन लपटें तेज होने के कारण उसे बुझाया नहीं जा सका। ऐसे में फायर लाइन काटकर आग पर नियंत्रण पाया गया। दूसरी ओर देवसारी और नागनाथ रेंज के जंगलों में भी आग लगी।
पर्यावरण प्रेमी और लंगासू गांव निवासी शिक्षक मनोज सती ने कहा कि गरमी शुरू होते ही जंगलों में आग लगने लगी है लेकिन वन विभाग की ओर से कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। दूसरी ओर देवसारी के जंगल में लगी आग से वन संपदा को नुकसान पहुंचा। बदरीनाथ वन प्रभाग के रेंज अधिकारी हरीश थपलियाल ने कहा कि शरारती तत्वों की ओर से जंगल में आग लगा दी गई। आग की सूचना मिलने पर विभाग की टीम घटना स्थल पर गई। शीघ्र आग पर काबू पा लिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगो से वनों को आग से बचाने के लिए सहयोग की अपील की।
Election 2024: इस शहर में जंगली जानवरों के नाम पर लड़ा जाएगा चुनाव, ग्रामीणों ने बनाया यह मुद्दा; जानें कारण
दूसरी ओर पोखरी में केदारनाथ वन प्रभाग की नागनाथ रेंज के बैरासू, गुगली, नागधार और वीणा के जंगल में आग लग गई। चीड़ के जंगल होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। स्थानीय डॉ. मातवर रावत व दिगपाल राणा ने बताया कि अचानक जंगल से धुआं उठता देखा और देखते ही देखते जंगल का बड़ा हिस्सा आग में जल गया। वहीं वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर ने बताया कि सूचना पर वन कर्मियों को मौके पर भेजा गया और काफी मशक्कत के बाद आग बुझा ली गई। आग बुझाने वालों में वन दरोगा आनंद सिंह, मदन मोहन सेमवाल, वन आरक्षी सचिन, पूजा सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।