पूर्ति विभाग ने गौचर से विष्णुप्रयाग तक किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिला पूर्ति विभाग और बाट माप विभाग की ओर से शुक्रवार को बदरीनाथ हाईवे पर दुकानों का निरीक्षण किया गया। गौचर से विष्णुप्रयाग तक किए गए निरीक्षण के दौरान 13 दुकानों में अनियमितताएं मिलने पर व्यापारियों का चालान किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी जसवंत सिंह कंडारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बदरीनाथ हाईवे पर गौचर से विष्णुप्रयाग तक दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान तोल मशीनों के प्रमाणपत्र न होने, मानकों के अनुसार सामान पर अंकित होने वाले निर्देश न मिलने जैसी कई खामियां मिलीं। नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 व्यापारियों का चालान किया गया। साथ ही सभी को दुकानों में रेट लिस्ट चस्पा करने और मानकों का अनुपालन करने के निर्देश दिए गए।
पॉलिथीन व अतिक्रमण के विरोध में 17 के चालान
श्रीनगर। नगर निगम श्रीनगर व प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से बाजार क्षेत्र में पॉलिथीन व अतिक्रमण के विरोध में अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कुल 17 चालान काटे। नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार ने बताया कि पॉलिथीन का उपयोग करने पर 8, नालियों व सड़कों के किनारे अतिक्रमण करने व सड़कों पर कूड़ा फेंके जाने के मामले में 4-4 और सड़क पर मलबा डाले जाने को लेकर 1 चालान कर कुल 3100 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।