घूनी गांव में पति, पत्नी और तीन बच्चों की मौत के मामले में महिला के भाई की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तहसील प्रशासन ने मामले की गंभीरता और राजस्व उपनिरीक्षकों की हड़ताल को देखते हुए जांच रेगुलर पुलिस को सौंपने की सिफारिश की है।
23 दिसंबर को घाट विकास खंड के घूनी गांव में ग्रामीण दिनेश लाल, उनकी पत्नी बीरा देवी और तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बच्चों और उनकी माता के शव गौशाला वाले घर में पड़े मिले, जबकि दिनेश दूसरे घर में पंखे की कुंडी पर रस्सी के सहारे लटका मिला था। मामले में तहरीर न मिलने के कारण राजस्व पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही थी। 30 दिसंबर को दिनेश की पत्नी बीरा देवी के भाई ल्वाणी गांव निवासी श्याम लाल ने राजस्व पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। तहसीलदार धीरज राणा ने बताया कि मामले में अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है।
-----
मामले की हो उच्च स्तरीय जांच
घाट। पूर्व विधायक व कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. जीतराम ने घूनी गांव जाकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी। ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह ने भी मामले में मजिस्ट्रेटी जांच की मांग उठाई है।