जिलाधिकारी हिमांशु खुराना की अध्यक्षता में पोखरी में आयोजित तहसील दिवस में डीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। ब्लॉक में श्रम विभाग की इंटरनेट साइट ठप होने की शिकायत पर डीएम ने जब संबंधित अधिकारी से इसकी जानकारी जाननी चाही तो जिला श्रम अधिकारी बैठक से गायब मिले, जिस पर डीएम ने तत्काल उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में 84 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 53 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दोरान पोखरी-गोपेश्वर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने और सेमी-मासों सड़क का एलाइमेंट ठीक नहीं होने की शिकायत पर डीएम ने अधिशासी अभियंता को मौके पर जाकर तत्काल सुधारीकरण के निर्देश दिए। जिलासू-आली और उडामांडा-खूनीगाड सड़क का लंबे समय से निर्माण नहीं होने पर इसकी पूरी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। रौता और हापला चिकित्सालय में डाक्टर के नहीं बैठने पर सीएमओ को जांच के निर्देश दिए। वहीं जोशीमठ तहसील में एसडीएम कुमकुम जोशी ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान 13 शिकायतें आईं, जिसमें से 10 का निस्तारण किया गया। तीन शिकायतें पुनर्वास के संबंध में थी, जिनकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तहसील दिवस में पहुंचे मात्र चार फरियादी
कर्णप्रयाग। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी देवराज रौतेला की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में मात्र चार फरियादी ही पहुंचे। चारों समस्याओं का अधिकारियों ने मौके पर निस्तारण किया।
कर्णप्रयाग में प्रशासन की ओर से आयोजित तहसील दिवस मजाक बनकर रह गया। पूर्वाह्न 11 बजे अधिकारी ब्लॉक सभागार में पहुंचे, लेकिन काफी देर तक कोई फरियादी नहीं आया। करीब डेढ़ घंटे बाद मात्र चार फरियादी ही पहुंचे। एसडीएम के प्रतिनिधि मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने उनकी समस्या सुनी। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष महेश खंडूड़ी ने अपर बाजार व बहुगुणा नगर में हो रहे भूस्खलन को रोकने, हरीश चौहान ने हाईवे किनारे से पानी के नलों को दूसरी जगह शिफ्ट करने, आईटीआई के लोगों ने सड़क से बस्तियों में पानी आने से हो रहे नुकसान और बेडाणू के गोविंद सती ने हाईवे से कटी जमीन का मुआवजा देने की मांग उठाई। इस मौके पर बलबीर सिंह, नवीन चमोला, सुनील कुमार, दीपेन पंवार, नरेश सिंह, भुवन नौटियाल और पुष्कर रावत थे। संवाद
सड़कों के डामरीकरण और निर्माण की उठी मांग
थत्यूड़ तहसील दिवस में दर्ज कराई गई 125 शिकायतें
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लाक मुख्यालय थत्यूड़ में आयोजित तहसील दिवस में 125 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें अधिकांश सड़कों से संबंधित रहीं। लोगों की समस्याएं सुनते हुए एडीएम रामजी शरण शर्मा ने 68 शिकायतों का निस्तारण कर अधिकारियों को आमजन की समस्याएं 15 दिनों में हल करने के निर्देश दिए।
थत्यूड़ में आयोजित तहसील दिवस में रमेश लेखवार ने बताया कि डोंर-परोड़ी मार्ग का वर्ष 1996 से डामरीकरण नहीं हुआ है। सड़क का डामरीकरण जल्द नहीं किया गया तो डीएम कार्यालय में आमरण अनशन किया जाएगा। जयेंद्र बिजल्वाण, महिपाल रावत और वीरेंद्र चौहान ने थत्यूड़ से अलमस-भवान-देहरादून मोटर मार्ग का चौड़ीकरण करने और थत्यूड़ मुख्य बाजार से ढाणा तक सड़क के डामरीकरण की मांग की। खेमराज भट्ट ने सीएचसी थत्यूड़ में रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त करने की मांग की है। गंभीर सिंह रावत ने बताया कि नैनबाग पीएचसी में अक्सर डाक्टर नहीं मिलते हैं। कई ग्रामीणों ने कोरोना से हुई मौत का प्रमाणपत्र नहीं मिलने की शिकायतें दर्ज कराई, जिस पर एडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को एक सप्ताह में प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए। पूर्व प्रधान कुलवीर रावत ने बताया कि ग्राम खेड़ा गजेंद्र सिंह और विजय सिंह का पीएम आवास में नाम होने के बावजूद सूची से उनका नाम हटाया गया है। एडीएम ने इस प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए हैं।