ऊर्जा निगम के आउटसोर्स कर्मचारी बोले, चार माह से नहीं हुआ है भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/जोशीमठ। पिछले चार माह से वेतन न मिलने से नाराज ऊर्जा निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों ने शुक्रवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। चमोली से बदरीनाथ तक तैनात इन कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से विद्युत व्यवस्था सुचारु बनाने में दिक्कतें आ सकती हैं।
ऊर्जा निगम में चमोली से बदरीनाथ तक विभिन्न जगहों पर आउटसोर्स कर्मचारी तैनात किए गए हैं। वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया और ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेजा। कहा कि वे पावर साॅल्यूशन कंपनी के तहत अनुबंधित 17 कर्मचारी हैं, जो चमोली, हेलंग, जोशीमठ, तपोवन, घांघरिया, पांडुकेश्वर व बदरीनाथ में तैनात हैं। कंपनी की ओर से चार माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा जब तक पूरा वेतन नहीं दिया जाता तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। कार्य बहिष्कार करने वालों में कन्हैया रावत, धर्मेंद्र चौहान, मनोज नेगी, गणेश कुमार, विक्रांत सनवाल, जयप्रकाश राणा, आकाश राणा, हरेंद्र सिंह, राहुल, सतेंद्र नेगी, अशोक और सुनील रौंतेला शामिल हैं। वहीं ऊर्जा निगम के ईई प्रदीप कुमार ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन की जिम्मेदारी अनुबंधित ठेकेदार की है। इस संबंध में ठेकेदार से वार्ता की जाएगी।