जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। जोशीमठ संघर्ष समिति ने औली मोटर मार्ग का चौड़ीकरण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। कहा कि शीतकालीन पर्यटन सीजन में औली जाने का एकमात्र मार्ग यही है। इसलिए इसका जल्द चौड़ीकरण किया जाना चाहिए। समिति ने इस संबंध सीएम को ज्ञापन भेजा।
समिति ने कहा कि सर्दियों में बर्फबारी होने पर औली में अधिक संख्या में पर्यटक आते हैं। मगर औली जाने वाला रोपवे भू-धंसाव के बाद से बंद पड़ा है। ऐसे में सड़क ही औली जाने का एकमात्र रास्ता है। मगर सड़क संकरी होने के कारण यहां जाम लगता रहता है। बर्फबारी के समय यहां वाहन फंसते रहते हैं। साथ ही सेना और आईटीबीपी के आवागमन के लिए भी यह सड़क महत्वपूर्ण है। कहा कि सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रथम चरण के तहत पेड़ों के छपान का काम पूरा हो गया है, मगर कटिंग का काम अभी शुरू नहीं हुआ है। सड़क का चौड़ीकरण कार्य होने से पर्यटकों, सेना व आईटीबीपी के जवानों और स्थानीय लोगों को अवागमन में सुविधा होगी। ज्ञापन भेजने वालों में जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अतुल सती, प्रवक्ता कमल रतूड़ी और कुशलानंद डिमरी आदि शामिल रहे।