उत्तराखंड सीएम के स्टिंग जारी होने के बाद दिल्ली में सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन पहुंच राष्ट्रपति से मुलाकात की।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्टिंग वीडियो सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि सीएम खुद विधायकों को खरीदने की कोशश कर रहे हैं। हमने राष्ट्रपति से अपील की है कि खुद हार्स ट्रेडिंग में लिप्त हैं। ऐसे में उत्तराखंड की वर्तमान हरीश रावत सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाय क्योंकि खरीद-फरोख्त के आधार पर प्राप्त बहुमत लोकतंत्र के खिलाफ होगा।
भाजपा महासचिव ने कहा, ‘अगर जरूरी हुआ, तब हम प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करेंगे।’ उन्होंने कहा कि सबसे पहले वर्तमान सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए ताकि सत्ता के दुरुपयोग को रोका जा सके। भाजपा नेता ने कहा है कि सूबे का यह संवैधानिक संकट उनकी (कांग्रेस) आंतरिक खींचतान का नतीजा है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड सीएम का एक स्टिंग वीडियो शनिवार को जारी होने के बाद प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। स्टिंग में सीएम बागियों को अपनी तरफ मिलाने के लिए लेने-देन की बात करते दिखाई दे रहे हैं।