बागेश्वर के गाजली में मतदान के लिए प्रेरित करते स्वीप की टीम के सदस्य। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। मोटर मार्ग की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर चुके गांजली, कलाग और बिजोरिया के ग्रामीणों को प्रशासन ने मना लिया है। निर्वाचन और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने गांव जाकर ग्रामीणों को समझाया। वार्ता के बाद ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार को वापस लेते हुए आगामी 14 फरवरी के दिन मतदान करने का संकल्प लिया।
गांजली और कलाग के ग्रामीण करुली बैंड-गांजली-बिजोरिया मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अधर में लटकने से नाराज थे। ग्रामीणों ने बीते 31 जनवरी को जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर चुनाव बहिष्कार करने का एलान किया था। जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार के निर्देशन में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्वीप टीम और लोनिवि के अधिकारियों ने गांव जाकर ग्रामीणों से वार्ता की। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण में देरी के कारण बताए और जल्द ही सड़क के कार्य को पूरा करवाने का आश्वासन दिया। स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी ललित मोहन जोशी ने ग्रामीणों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी दी। आखिरकार ग्रामीण मान गए और आगामी विधानसभा चुनाव में वोट देने की शपथ ली। इस मौके पर दीवान नेगी, बालकृष्ण पांडेय, मोहन जोशी, आनंद बल्लभ, कौस्तुभानंद पांडेय, बलवंत राम, जीवन राम आदि मौजूद रहे।