बागेश्वर के पुलिस लाइन मार्ग में सड़क किनारे फेंके कूड़े में लगी आग से उठता धुआं। संवाद न्यूज एजे
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नगरपालिका गठन के 54 साल बाद भी नगर को ट्रंचिंग ग्राउंड नसीब नहीं हुआ है। नगरपालिका के 11 वार्डों से रोजाना उठने वाला कूड़ा पुलिस लाइन मार्ग पर सड़क किनारे फेंका जा रहा है। अक्सर कूड़े में नियमों को ताख पर रखकर आग लगा दी जाती है। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और जलने से बनने वाली जहरीली गैस मार्ग से गुजरने वाले दर्जनों गांवों के लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है।
बागेश्वर नगर 1955 में टाउन एरिया और 1962 में नोटिफाइड एरिया बना। वर्ष 1968 में पालिका का गठन हुआ। पालिका गठन के बाद से नगर का कूड़ा निस्तारण प्रमुख समस्या रही है। वर्तमान में नगरपालिका क्षेत्र में 11 वार्ड हैं। सभी वार्डों से रोजाना 7.5 टन कूड़ा उठाया जाता है। ट्रंचिंग ग्राउंड नहीं होने से कूड़ा माल्ता मार्ग पर पुलिस लाइन के पास सड़क किनारे फेंका जाता है।
शुरू में मालता के ग्रामीणों ने सड़क किनारे कूड़ा निस्तारित किए जाने का विरोध भी किया था। इसके बावजूद अब तक कूड़ा सड़क किनारे ही फेंका जाता है। अक्सर कूड़े के ढेर को आग के हवाले कर दिया जाता है। कूड़ा जलने से उठने वाला धुआं और गैस क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
इधर, नगरपालिका के सफाई निरीक्षक रजत कुमार ने कहा कि राहगीर और अराजक तत्व अक्सर कूड़े के ढेर में आग लगा देते हैं। पालिका के कर्मचारी समय-समय पर कूड़े में पानी छिड़काव कर आग बुझाते हैं।
लंबे समय से चल रही कवायद
बागेश्वर। ट्रंचिंग ग्राउंड के निर्माण के लिए पालिका लंबे समय से कवायद कर रही है। पूर्व में नीलेश्वर की पहाड़ी के पास ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन चयनित की गई थी लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई। कई अन्य स्थानों पर जमीन खोजने के बाद पालिका ने अब बिलौना-पगना मोटर मार्ग पर ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि का चयन किया है। इस स्थान पर भी जमीन चयन का पगना के ग्रामीण विरोध कर चुके हैं। ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने की योजना कागजों पर ही है, इसे धरातल में उतारने में वक्त लग सकता है।
पूर्व में चयनित जमीन को पगना में चयनित जमीन में परिवर्तित करने की शासन से अनुमति मांगी है। ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण के लिए पूर्व में बनाई गई 3.54 करोड़ रुपये की डीपीआर में कोई संशोधन नहीं होना है। पालिका के पास 1.39 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध है। इस्टीमेट और आर्किटेक्ट के लिए निविदा लगा दी गई है। सुरेश सिंह खेतवाल, नगरपालिका अध्यक्ष, बागेश्वर