कपकोट विकास खंड कार्यालय में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी से चर्चा करते ब्लॉक प्रमुख। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट ब्लॉक में पूर्व सैनिकों व शहीदों के आश्रितों को प्रशिक्षण और आजीविका संवर्द्धन के लिए बहुउद्देश्यीय प्रशिक्षण केंद्र खोलने की पहल शुरू हो गई है। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख ने केंद्र को लेकर चर्चा की। बातचीत के दौरान प्रशिक्षण केंद्र में लोकल से वोकल को वरीयता देकर प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रंजीत सेठ, ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू समेत अन्य के बीच ब्लॉक सभागार में बैठक हुई। ब्लॉक प्रमुख दानू ने कहा कि निवर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस मामले में ज्ञापन दिया गया है। बताया कि प्रशिक्षण केंद्र में औषधीय पौधों के प्रसंस्करण, उत्पाद, विपणन, साहसिक खेलकूदों का निम की तर्ज पर प्रशिक्षण, मौन पालन, मशरूम उत्पादन, पशुपालन, मछली पालन और वैज्ञानिक तकनीक से खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। महिलाओं को दन और कालीन बनाने के गुर सिखाए जाएंगे। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में सिलाई-कढ़ाई सहित क्षेत्रीय संसाधनों पर उत्पाद तैयार करने के लिए अनिवार्य सभी प्रशिक्षण शामिल करने की बात कही। इस मौके पर रमेश तिवारी, महेश कांडपाल, कैलाश पंत आदि रहे।