बागेश्वर के वज्यूला जीआईसी में पढ़ाते डीईओ माध्यमिक शर्मा। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। अटल उत्कृष्ट विद्यालय राइंका वज्यूला का निरीक्षण करने गए जिला शिक्षाधिकारी (डीईओ) माध्यमिक नरेश शर्मा बच्चों को पढ़ाने से खुद को नहीं रोक पाए। उन्होंने इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान पढ़ाया। विद्यार्थियों से कई सवाल पूछे और उनकी जिज्ञासा को शांत भी किया।
डीईओ शर्मा बुधवार को राइंका वज्यूला के निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान वे अपने पसंदीदा विषय रसायन विज्ञान की कक्षा लेने इंटरमीडिएट की कक्षाओं में पहुंच गए। उन्होंने बारी-बारी से कक्षा 11 और 12 के छात्र-छात्राओं को रसायन विज्ञान पढ़ाया। इस दौरान कई सवाल भी पूछे।
छात्र-छात्राओं ने अधिकांश सवालों के सही उत्तर दिए। शर्मा ने बताया कि पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों को ई-कंटेंट के बारे में जानकारी दी। डीईओ ने कहा कि बच्चों में पढ़ाई को लेकर जो उत्साह दिखा, वह शिक्षकों के बेहतर कार्य का परिणाम है। वहां पर प्रधानाचार्य दीपक कुमार, रसायन विज्ञान प्रवक्ता ममता रानी, भौतिक विज्ञान प्रवक्ता आलोक पांडेय, राजेश्वरी कार्की, मोहन राम, हरीश फर्स्वाण आदि थे।