बागनाथ मंदिर परिसर में कालभैरव मंदिर का हो रहा जीर्णोद्धार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागनाथ और काल भैरव मंदिर में बदियाकोट की काली पटाल (चपटा पत्थर) और कटारमल की खदानों से निकले पत्थरों से सजावट की जाएगी। इस कार्य के लिए शासन से 26.81 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो गई है।
जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागनाथ धाम और काल भैरव मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य 2020 से चल रहा है। बागनाथ मंदिर में 400 साल बाद बिजोरा (छज्जा) बदला गया। वहीं काल भैरव मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। मंदिर में पुरातन काल से रखी मूर्तियों और शिलालेखों को सुरक्षित रखने के लिए संग्रहालय का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मंदिर परिसर में निर्माण, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ 30 लाख 76 हजार रुपये की राशि स्वीकृत थी। कार्यदायी संस्था ने मंदिर परिसर में बन रही धर्मशालाओं की छत में बदियाकोट का काला पटाल लगाने के उद्देश्य से अतिरिक्त राशि की मांग शासन से की थी। इधर, विधायक चंदन राम दास ने कहा कि कार्यदायी संस्था ने मंदिर को आकर्षक बनाने के लिए बदियाकोट और कटारमल के पत्थर लगाने का प्रस्ताव रखा था। जिसे शासन से मंजूरी मिल गई है।