बागेश्वर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा युवा कल्याण व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने उत्तराखंड के लोगों के देश को दिए योगदान की सराहना की। उन्होंने वर्ष 1921 के कुली बेगार आंदोलन को याद करते हुए कहा कि इस धरती का देश की आजादी के आंदोलन के साथ ही आजाद भारत में अहम योगदान रहा है। आज भी उत्तराखंड के वीर देश की रक्षा के लिए जान की परवाह नहीं करते। कहा कि बाबा बागनाथ की धरती से निकली विजय संकल्प यात्रा कुमाऊं की सारी सीटों पर फतह दिलाएगी।
ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान में विजय संकल्प यात्रा के शुभारंभ पर आयोजित सभा में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आजादी के आंदोलन में बागेश्वर से उठी ज्वाला संपूर्ण देश में फैली। देश की आजादी में कुली बेगार आंदोलन की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि नहीं है, यह वीरभूमि भी है।
यहां के लोग देश की आजादी के बाद सेना में अहम योगदान दे रहे हैं। उन्होंने स्वर्गीय सीडीएस बिपिन रावत को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड की धरती ने देश को पहला सीडीएस दिया। इससे अधिक गौरव की बात क्या हो सकती है। कहा कि केंद्र सरकार सेना और सैनिकों के साथ है। सरकार ने वन रैंक, वन पेंशन लागू कर वादा निभाया है।
बागेश्वर के विख्यात उत्तरायणी मेले को याद करते हुए ठाकुर ने मुख्यमंत्री धामी से कहा कि वर्ष 2022 में एक बार फिर सीएम बनोगे। उत्तरायणी मेले में बुलाओगे तो अवश्य आऊंगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य का तोहफा दिया। मोदी जी राज्य का समग्र विकास कर रहे हैं। राज्य में एक लाख रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सड़कों का जाल बिछ रहा है।
रेल सुविधाओं के विस्तार भी किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने कोविड नियंत्रित करने के साथ ही दो वैक्सीन तैयार कर दुनिया में लोहा मनवाया। कांग्रेस के शासनकाल में टीके आयात किए जाते थे। उन्होंने कहा कि सात साल के शासन में मोदी सरकार पर सात रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। यह बात सबसे अहम है।
पीएम सिंचाई योजना से उत्तराखंड और हिमाचल में बनेगी परियोजना
बागेश्वर। केंद्री मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार पहाड़ी राज्यों के विकास के लिए अहम फैसले ले रही है। सरकार ने 93 हजार करोड़ रुपये की पीएम सिंचाई योजना लागू की है। इस योजना के तहत उत्तराखंड के लखवाड़ और हिमाचल की रेणुका नदी में परियोजना का निर्माण होगा। इससे दोनों राज्यों की सिंचाई की जरूरतों का काफी हद तक समाधान हो जाएगा।
पहाड़ की महिलाओं को बताया रीढ़
बागेश्वर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सभा में काफी संख्या में मौजूद महिलाओं को इंगित करते हुए कहा कि पहाड़ की महिलाओं की जीवटता की कोई मिसाल नहीं है। यहां की महिलाएं घर, परिवार के काम के साथ ही सामाजिक, राजनीतिक गतिविधियों के लिए अपना समय निकाल लेती हैं। कहा कि वह स्वयं पहाड़ के रहने वाले हैं, इसलिए यहां की मातृ शक्ति से भलीभांति वाकिफ हैं।
चार महीने में 24 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया निपट जाएगी : धामी
बागेश्वर। अपने अल्प कार्यकाल में तीसरी बार जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 24 हजार रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। यह प्रक्रिया आने वाले चार महीने के भीतर संपन्न हो जाएगी। 24 हजार बेरोजगारों के पास सरकारी रोजगार होगा।
उन्होंने कहा कि चार महीने के भीतर 500 से अधिक अहम फैसले उनकी सरकार ने लिए हैं। घोषणाओं का शासनादेश, डीपीआर बनने में देरी हो रही है। जल्द ही सभी घोषणाओं का शासनादेश जारी हो जाएगा। सीएम ने कहा कि राज्य आंदोलनकारी, आशा, आंगनबाड़ी, पीआरडी जवानों के साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ा दिया गया है। स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखंड योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में ओपन जिम खोला जाएगा। पहले चरण में प्रत्येक विकासखंड की एक ग्राम पंचायत में ओपन जिम खोलने की तैयारी हो चुकी है। कहा कि विद्यार्थियों को दिए जाने वाले टैबलेट की उपलब्धता में आ रही दिक्कत को देखते हुए उनके बैंक खातों में रकम डालने का निर्णय लिया गया है।
अगले 10 दिन में यह काम हो जाएगा। सीएम ने कहा कि प्रदेश ने वित्तीय संकट के बाद भी कोराना नियंत्रण में बेहतर कार्य किया। उन्होंने कहा, चुनाव को देखते हुए घोषणा नहीं कर रहे हैं, जनता की जरूरत को देखते हुए घोषणा कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट की अध्यक्षता, भाजपा जिला महामंत्री राजेंद्र परिहार, सुरेश कांडपाल के संचालन में हुई सभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद अजय टम्टा, विधायक चंदन राम दास ने संबोधित किया।
ठाकुर-धामी को काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेसी गिरफ्तार
बागेश्वर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को काले झंडे दिखाने जा रहे 38 कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर थाने के लॉकअप में बंद कर दिया। कांग्रेसी बागेश्वर में लागू महायोजना को समाप्त करने, खनन और शराब माफियाओं को संरक्षण देने समेत 21 सूत्री मुद्दों को लेकर विरोध कर रहे थे। गिरफ्तार कांग्रेसियों ने पुलिस पर मारपीट करने और जबरन खींचकर वाहन में ठूंसने के आरोप लगाए हैं। सीएम की वापसी के बाद इन लोगों को पुलिस ने रिहा कर दिया।
रविवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर डिग्री कॉलेज पहुंच चुके थे और सीएम का हेलीकॉप्टर आने की तैयारी थी। इसी दौरान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कवि जोशी, महिला कांग्रेस सेवादल की जिलाध्यक्ष सुनीता टम्टा, पूर्व दर्जा मंत्री राजेंद्र टंगड़िया आदि ने डिग्री कॉलेज कूच किया। लोनिवि तिराहे के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण का कहना है कि वह सीएम को जिले की समस्याओं का ज्ञापन देने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने आगे नहीं बढ़ने दिया।
इस पर उन्होंने और कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। कांग्रेसियों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि पुलिस सत्ता के दबाव में कार्य कर रही है। कांग्रेसियों को जबरन खींचकर और घसीटकर गाड़ियों में ठूंसा गया। इस दौरान उन्हें चोट आई। उपर्युक्त नेताओं के साथ ही यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंकुर उपाध्याय, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, रिजवान खान, उमेश मनराल, गीतांजलि आदि ने कहा कि पुलिस से बल प्रयोग कराकर सरकार जिले की प्रमुख समस्याओं की अनदेखी नहीं कर रही है।
...सीएम के गांव में सड़क नहीं
सीएम धामी कांग्रेस राज में देश का समुचित विकास न होने पर भाषण देते-देते स्वयं के गांव में सड़क न होने की बात कह बैठे। उन्होंने कहा कि वह पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के मूल निवासी हैं। उनके गांव में आज तक सड़क नहीं पहुंची है। इस बार पेयजल मंत्री डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल ने सड़क का प्रस्ताव सरकार के सामने रखा है।
..मैं दास और आप धामी-फिर भी की कंजूसी
बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास ने अपने भाषण की शुरुआत मैं दास और आप धामी से करते हुए कहा कि पिछले दौरे में आपने घोषणा करने में कंजूसी की। दास ने 352 राज्य आंदोलनकारियों को प्रमाणपत्र जारी करने, काफलीगैर को परगने का दर्जा देने, गैस गोदाम स्थापित करने, वर्ग 4 और 5 की भूमि को कब्जेदारों को आवंटित करने की मांग सीएम के सामने उठाई और घोषणा करने का अनुरोध किया। दीगर की बात है कि इस दौरे में सीएम धामी ने एक भी घोषणा नहीं की। सीएम की ओर से घोषणा न किए जाने, केंद्रीय खेल मंत्री के स्टेडियम विहीन बागेश्वर में खेल के विकास के लिए कोई बात न करने से लोगों में मायूसी दिखी।
बैकग्राउंड से बजा दी रणसिंघा की धुन
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को विजय का शंखनाद करने के लिए भाजपा जिला इकाई ने रणसिंघा दिया। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने मुंह पर रणसिंघा लगाया ही था कि बैकग्राउंड से रणसिंघा बजने लगा। दूर-दराज में बैठे लोग यही समझते रहे कि अनुराग ठाकुर ने शानदार रणसिंघा बजाया।
बिशनदा और बलवंत को नहीं मिला बोलने का मौका
विजय संकल्प यात्रा के शुभारंभ के मौके पर सूबे के पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल और कपकोट के विधायक बलवंत सिंह भौर्याल को बोलने का मौका नहीं मिला। चंडीगढ़ के व्यस्त कार्यक्रम के चलते केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी शुरुआत में ही भाषण देकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।
मोदी और राम मंदिर पर भी रहा फोकस
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सीएम धामी का भाषण सेना और देश की सुरक्षा के अलावा प्रधानमंत्री मोदी और राम मंदिर पर फोकस रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी राम मंदिर निर्माण की उपलब्धि को भुनाते नजर आए। केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में भव्य राम मंदिर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने को बड़ी जीत बताते हुए कहा कि भाजपा ने मंदिर बनाने का वायदा किया था, भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। ठाकुर का भाषण पीएम मोदी केंद्रित था। सीएम धामी ने अपने भाषण के दौरान कई बार प्रधानमंत्री मोदी और राम मंदिर की चर्चा की।
सीएम ने बाजार में चखा मूंगफली का स्वाद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिला पंचायत गेट के पास से विजय संकल्प यात्रा के रथ को हरी झंडी दिखाने के लिए पहुंचे थे। सीएम ने पास में फड़ से मूंगफली खाई। इस दौरान भाजपाई भी मूंगफली का स्वाद चखते नजर आए।
जिसे जाना है, वह जाए
सीएम पुष्कर सिंह धामी ज्योंही भाषण देने आए। पंडाल के पीछे बैठे कुछ लोग जाने लगे। सीएम ने माइक संभालते हुए कहा कि जिसे जाना है, वे चले जाएं। वह 10 मिनट बाद भाषण दे लेंगे। पहले जाने वाले चले जाएं। सीएम की बात सुनते ही लोग सकते में आ गए। हालांकि भीड़ से आवाज भी आई कि नहीं जाएंगे। सीएम के कहने का तात्पर्य क्या था, इस पर कयासबाजी होती रही।
बागनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद किया रथ रवाना
बागेश्वर। रविवार की सुबह 10 बजे पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, विधायक चंदन राम दास, बलवंत सिंह भौर्याल, यात्रा प्रभारी पुष्कर सिंह काला, भाजपा नेत्री रेनू अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट आदि ने बागनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर विजय संकल्प यात्रा के रथ को रवाना किया। हालांकि सीएम धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने सभा संपन्न होने के बाद दोपहर तीन बजे रथ को रवाना किया।
फोटो 19 बीजीएस 21 पी