बागेश्वर/कपकोट। बिजली का बकाया जमा न करने पर कपकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बिजली रातभर कटी रही। सीएचसी बैजनाथ की बिजली भी अभी नहीं जुड़ी है। नगरपालिका के स्ट्रीट लाइटों की बिजली भी पांच दिनों से कटी हुई है।
यूपीसीएल का कपकोट सीएचसी पर करीब 90 लाख रुपये का बिल बकाया था। जब नोटिस जारी करने के बाद भी बिल जमा नहीं किया गया तो 31 मार्च की शाम को कपकोट सीएचसी का संयोजन यूपीसीएल ने काट दिया। अस्पताल रातभर बगैर बिजली के रहा। हालांकि अस्पताल में रात में कोई मरीज भर्ती नहीं था। कपकोट के एसडीएम पारितोष वर्मा के हस्तक्षेप और स्वास्थ्य विभाग के बिल जमा करने के आश्वासन पर यूपीसीएल ने कपकोट सीएचसी की बिजली शुक्रवार की सुबह बहाल कर दी।
22.5 लाख बकाया जमा न होने पर नगरपालिका के स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया गया था। बैजनाथ सीएचसी पर 1.82 लाख बकाया होने के कारण वहां का कनेक्शन भी कटा हुआ है। यूपीसीएल के ईई विवेक कांडपाल ने बताया कि नगरपालिका ने बिल जमा करने संबंधी पत्र दिया है लेकिन कनेक्शन जोड़ने पर कोई बात पालिका से नहीं हुई है। सीएमओ कार्यालय से सीएचसी बैजनाथ का बकाया जमा करने की भी बात हुई है।