बागेश्वर। आंतरिक मोटर मार्ग और जीतनगर से पुल का निर्माण कराने की मांग को लेकर मंडलसेरावासियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। पूर्व में कई बार विभाग को ज्ञापन देने पर भी मांग पूरी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी। लोगों ने सड़क और पुल निर्माण को लेकर सकारात्मक कार्यवाही होने पर ही आंदोलन समाप्त करने की चेेतावनी दी।
मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंडलसेरा के लोग लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे। वार्ड निवासियों ने कहा कि मंडलसेरा में विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से नीचे की ओर मोटर मार्ग निर्माण होना है। वहीं जीतनगर से सरयू नदी पर पुल बननी है। दोनों योजनाओं का शिलान्यास भी हो चुका है। जिसके बावजूद विभाग निर्माण नहीं करा रहा है। वार्ड वासियों के अनापत्ति प्रमाणपत्र देने के बावजूद कार्य शुरु नहीं होने पर नाराजगी बढ़ गई है। वार्ड वासियों ने कहा कि पूर्व में कई बार विभाग और डीएम को ज्ञापन दिया गया। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर धरना शुरू कर दिया गया है। कहा कि कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए लोग धरने पर बैठे हैं। जब तक मांग पूरी नहीं होगी आंदोलन चलता रहेगा। इस मौके पर प्रताप सिंह भंडारी, जितेंद्र सिंह रावत, शेर सिंह कोरंगा, नरेंद्र जोशी, गणेश रौतेला, हरीश देवली आदि मौजूद रहे।
दमुवाधारा-सरसों सड़क को माल गांव सड़क से जोड़ा जाए
अल्मोड़ा। सरसों के ग्रामीणों ने दमुवाधारा से सरसों तक बनने वाली सड़क को माल गांव से लिंक करने की मांग की। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सरसों के दीवान सिंह बिष्ट और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि दमुवाधारा से सरसों तक बनाई जा रही सड़क को माल ग्राम सभा में बनने वाली लिंक सड़क से जोड़ा जाए। इससे खगमरा कोट, ऑफिसर कालोनी, माल गांव, देवली, लाट गांव के ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को उत्पादित सब्जी, अनाज को स्थानीय बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। ज्ञापन देने वालों में दीवान सिंह बिष्ट समेत भूपेंद्र सिंह, ललित प्रसाद, राहुल बिष्ट, रवि बिष्ट, मंजू बिष्ट, नवल किशोर आदि शामिल हैं।